शितोले के हाथों में राष्ट्रवादी के कार्याध्यक्ष पद की कमान.

पिंपरी, सत्ताधारी भाजपा के विधायक एवं शहराध्यक्ष लक्ष्मण जगताप के अपने गड़ पिंपले गुरव- सांगवी में उन्हें टक्कर देने के लिहाज से राष्ट्रवादी कांग्रेस ने कभी उनके चेले रह चुके स्थायी समिति के पूर्व सभापति प्रशांत शितोले को कार्याध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। भूतपूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के हाथों एवं विधानपरिषद के विपक्षी नेता धनंजय मुंढे, पूर्व विधायक विलास लांडे, शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे, वरिष्ठ नगरसेवक नाना काटे व डॉ़ शैलेश मोहिते पाटिल की मौजूदगी में उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा गया। शितोले पिंपरी चिंचवड़ मनपा में लगातार तीन बार नगरसेवक चुने गए थे, स्थायी समिति अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी उन्होंने बाखूबी निभाई है।
फरवरी 2017 में हुए पिंपरी चिंचवड़ मनपा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस ने प्रशांत शितोले का टिकट काट दिया। इसके चलते उन्होंने बगावत का परचम लहराकर निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ा लेकिन इसमें उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। चुनाव के बाद काफी दिनों तक राष्ट्रवादी से दूरी बनाए रखने के पश्चात वे पुन: राजनीति एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस में सक्रिय हो गए हैं। मनपा कामकाज व शहर की सियासत के गहन अध्ययन के बूते वे सत्ताधारी भाजपा को आड़े हाथ लेने में पीछे नहीं हटे। खासकर विधायक लक्ष्मण जगताप व उनके समर्थक उनके निशाने पर हैं। जगताप के गड़ में उन्हें चुनौती देने के लिहाज से राष्ट्रवादी ने शितोले को पिंपरी चिंचवड़ शहर इकाई के कार्याध्यक्ष पद की कमान सौंपी है।
कार्याध्यक्ष पद नियुक्ति के बाद संवाददाताओं से तबल होते हुए शितोले ने कहा कि, राष्ट्रवादी कांग्रेस ने बीते 15 सालों के सत्ताकाल में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व में शहर का नियोजनबद्ध विकास कर दिखाया। राष्ट्रवादी पर भ्रष्टाचार के झूठे आरोप लगाते हुए भाजपा ने मनपा की सत्ता हथियाई, इससे अब सभी परिचित हो गए हैं। सत्ता के एक साल में भाजपा के गोलमाल व भ्रष्टाचार का सिलसिला जारी है, उन्हें जनता के समक्ष पेश कर उनके गलत कामों का विरोध किया जाएगा। काम करते वक्त गल्तियां होती है, मगर भाजपा की गल्तियां हद से बाहर हो गई हैं। उन्होंने भले राष्ट्रवादी पर झूठे आरोप लगाए मगर हम सबूतों के साथ उनके भ्रष्टाचार उजागर करेंगे, बेवजह विरोध करना या झूठे आरोप लगाने में हमें कोई रूचि नहीं है।