सत्ताधारियों ने ही जड़ा क्षेत्रीय कार्यालय को ताला

पुणे, क्रीडा संकुल में गैर कानूनी तरीके से शुल्क वसूले जाने के विरोध में भाजपा नगरसेवकों द्वारा बुधवार को बिबवेवाड़ी में पुणे मनपा के क्षेत्रीय कार्यालय के हॉल को ताला जड़ दिया। बिबवेवाड़ी क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत 28, 36 और 37 नंबर के प्रभाग आते है। इन प्रभागों में भाजपा के 11 और शिवसेना के एक नगरसेवक हैं। खुद सत्ताधारी दल के नगरसेवकों द्वारा इस तरह से आक्रामक व आंदोलन की भूमिका अपनाए जाने से शहर के सियासी गलियारे में खलबली मच गई है।
बिबवेवाड़ी स्थित मनपा के यशवंतराव चव्हाण स्कूल में क्रीड़ा संकुल का निर्माण किया गया है, जिसका संचालन ठेकेदार के माध्यम से किया जा रहा है। इसका करार खत्म होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा गैर कानूनी तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है। यह शिकायत भाजपा के स्थानीय नगरसेवकों ने की है। पूर्व नगरसेविका अस्मिता शिंदे की संकल्पना से यहां बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया गया है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क बैडमिंटन हॉल उपलब्ध कराना जरुरी रहने के बावजूद ठेकेदार द्वारा शुल्क वसूला जा रहा है।
करार खत्म होने के बाद स्थानीय नगरसेवकों के विरोध के बावजूद मनपा आयुक्त कुणाल कुमार ने ठेकेदार को 11 माह की मियाद बढ़ाई गई है। इस बारे में नगरसेवक राजेंद्र शिलीमकर ने कहा कि, 20 नवंबर 2017 को ठेकेदार के साथ किया गया करार खत्म हुआ है। फिर भी ठेकेदार द्वारा विद्यार्थियों से पैसे वसूले जा रहे है। इसमें ठेकेदार और अधिकारियों में मिलीभगत है। उनके खिलाफ फौजदारी मामला दर्ज करना चाहिए। प्रभाग की मूलभूत समस्याओं को सुलझाने को लेकर उन्होंने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। इस आंदोलन में प्रभाग समिति की अध्यक्षा मानसी देशपांडे, प्रवीण चोरबेले, रुपाली धावडे, कविता वैरागे, राजश्री शिलीमकर, वर्षा साठे, अनुसया चव्हाण शामिल थे।