कोरेगाव भीमा मामले में मुख्यमंत्री ने अपराध मामलों को वापस लेने की घोषणा की

मुंबई : पुणे समाचार

कोरेगाव भीमा में हुई हिंसा के मामले में दर्ज किए गए अपराधों को वापस लेने की घोषणा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज विधान मंडल में की। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर अपराधों के मामले में समिति निर्णय लेगी। इस मामले में पुलिस तीन महीने के भीतर समिति को रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कोरेगाव भीमा मामले में कुल 58 अपराध दर्ज हुए थे और 162 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान 60 पुलिस कर्मी और 58 लोग ज़ख्मी हुए थे। उसके बाद हुई हिंसक घटना के बाद अट्रोसिटी के 17 और अन्य 600 अपराध दर्ज किए गए थे। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दर्ज अपराधों में 1199 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और 2 हज़ार 53 लोगों पर प्रतिबंधक कार्रवाई की गई थी।