दहशत में हो रहा स्थायी समिति अध्यक्ष का चुनाव

राष्ट्रवादी ने की गुप्त मतदान से चुनाव कराने की मांग

पिम्परी। स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव से सत्ताधारी भाजपा में मचे घमासान के बीच विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस ने यह चुनाव गुप्त मतदान से कराने की मांग की है। पार्टी के प्रत्याशी मोरेश्वर भोंडवे ने पुणे के विभागीय आयुक्त को इस बारे में एक पत्र सौंपा है, जिसमें पिम्परी चिंचवड़ मनपा स्थायी समिति अध्यक्ष पद का चुनाव दहशत में होने की शिकायत की है। यह चुनाव भय और दहशत मुक्त माहौल में कराने के लिये गुप्त मतदान की प्रणाली पर अमल करना जरूरी है।

स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए सत्ताधारी भाजपा ने ममता गायकवाड़ को प्रत्याशी घोषित किया है, जिसके चलते पार्टी दोफाड़ की कगार पर खड़ी है। महापौर नितिन कालजे के अलावा इस पद के लिए इच्छुक रहे भाजपा क राहुल जाधव और शीतल शिंदे ने समिति के सदस्य पद से इस्तीफ़े दिए हैं। इससे सत्ताधारी भाजपा में भारी घमासान छिड़ा है। भाजपा की ममता गायकवाड़ के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस के मोरेश्वर भोंडवे चुनाव के मैदान में है। राष्टवादी का दावा है कि भाजपा में व्याप्त नाराजगी से उसके प्रत्याशी को फायदा मिलेगा।

सोमवार को मोरेश्वर भोंडवे ने विभागीय आयुक्त चंद्रकांत दलवी को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने शिकायत की है कि स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव की पृष्ठभूमि पर पिम्परी चिंचवड़ मनपा का सियासी माहौल तनावपूर्ण है। स्थायी समिति के सदस्य खास कर भाजपा के सदस्य काफी तनाव एवं दहशत में है। इन हालातों में यह चुनाव पारदर्शी और भयमुक्त माहौल में होना संभव नहीं है। इसके चलते यह चुनाव गुप्त याने बैलेट पेपर तरीके से कराया जाय। गौरतलब हो कि स्थायी समिति अध्यक्ष पद के चुनाव में सदस्य हाथ उठा कर मतदान करते हैं, चुनाव में वोटों की होनेवाली खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए गुप्त मतदान की प्रणाली बन्द कर दी गई है।