देश में अनाज की सुरक्षा करेगा ‘इंडिया स्टोरेज फोरम’

पुणे: देश निरंतर अपनी अन्न उत्पादन क्षमता को बढ़ा रहा है। पर वहीं दूसरी ओर कई कारणों से किसानों के खून पसीने से उपजी फसल, भंडारण कीे गलत विधियों के कारण बर्बाद हो जाते हैं। इसी बर्बादी को रोकने के लिए क्रॉप केयर फेडरेशन (CCFI), एंटोमोलॉजिस्ट सोसाइटी ऑफ़ इंडिया (ASI) और महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ (MPKV) राहुरी के संयुक्त तत्वाधान में राष्ट्रिय स्तर के फसल पूर्व और पश्चात् अन्न सुरक्षा और कीटनाशक सुरक्षित उपयोग पर तीन दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन MPKV पुणे में किया गया।

इस अवसर पर इंडिया स्टोरेज फोरम की भी स्थापना की गयी। जिसके मुख्य संरक्षक के रूप में UPL के प्रबंध निदेशक श्री रज्जु श्रॉफ की नियुक्ति की गयी। इंडिया स्टोरेज फोरम का उद्देश्य देश भर के कृषि से जुड़े संस्थान जैसे कृषि विद्यालय, भण्डारण कंपनियां, कृषि उद्योग कंपनियां, वैज्ञानिकों इत्यादि को एक मंच पर लाकर देश में हो रहे अन्न की बर्बादी को रोकना है।

इस संगोष्ठी में ३५० कृषि विद्यार्थी, ४५० किसान, कृषि उद्योग और कृषि वैज्ञानिकों ने सक्रिय भागीदारी की। इस संगोष्ठी के दौरान अनाज सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और इसके साथ ही साक्षात् प्रदर्शन के द्वारा किसानों को वैज्ञानिक तरीके से फसल को सुरक्षित रखने की विधि भी सिखाई गयी।

इसके साथ ही जागृत किसान, खुशहाल किसान मुहीम के तहत किसानों को कीटनाशक के सही तरीके से इस्तेमाल और और इस्तेमाल पश्चात् कीटनाशक के डिब्बों और इस्तेमाल किये गए अन्य वस्तुओं के निष्तारण की विधियों से भी अवगत कराया गया ताकि किसानों को किसी विषबाधा का शिकार न होना पड़े।