आईएएस की तैयारी कर रहा युवक 4 महीनों से लापता

पुणे : पुणे समाचार
-आखिरी बार 100 नंबर पर किया था कॉल 
आईएएस परीक्षा की तैयारी कर रहा एक 27 वर्षीय युवक पिछले चार महीनों से गायब है और पुलिस अब तक उसे खोज़ नहीं पाई है। युवक ने आखिरी बार अपने मोबाइल से 100 नंबर पर कॉल किया था। इसलिए यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं उसके साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई।

रिजॉय जयराजन पन्थोकुलोथ को पुणे और मुंबई पुलिस पिछले चार महीनों से ढूंढ रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। मूलरूप से केरल रिजॉय पुणे में रहकर आईएएस की तैयारी कर रहा था। उसकी शादी भी हो गई थी, लेकिन 6 महीने बाद ही उसका अपनी पत्नी से तलाक हो गया। इसके चलते रिजॉय निराश रहने लगा था। उसका भाई झिनॉय पुणे स्थित राष्ट्रीय प्रयोगशाला में नौकरी करता है।

लौटकर नहीं आया 
15 नवंबर को दोनों भाइयों में फोन पर बातचीत हुई थी। रिजॉय ने झिनॉय से साथ डिनर करने को कहा था। उसी दिन उसने अपने पिता से भी बात की थी। देर रात तक जब रिजॉय घर नहीं आया, तो झिनॉय ने दूसरे दिन चतु:श्रृंगी पुलिस स्टेशन में उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी के मुताबिक, लापता होने से पहले रिजॉय ने अंधेरी से अपने मोबाइल से 100 नंबर पर कॉल किया था। यह कॉल 40  सेकंड का था, लेकिन उसके बाद उसका फोन नॉट रीचेबल आने लगा,पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही है।