लॉकअप में गिरने से बिल्डर डीएसके अस्पताल में दाखिल

पुणे: पुणे समाचार

पुणे, निवेशकों के पैसों के गबन के मामले में बीते दिन दिल्ली से गिरफ्तार किए गए पुणे के मशहूर बिल्डर डीएसके को देर रात अस्पताल में दाखिल कराया गया। बताया जा रहा है कि, संतुलन बिगड़ने से वे गिर गए, जिसके चलते उन्हें पुणे के ससून अस्पताल में दाखिल कराया गया। गौरतलब हो कि, बीती शाम अदालत ने डीएसके को 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है।

निवेशकों के पैसों के गबन के मामले में पुणे के मशहूर बिल्डर डीएसके के खिलाफ पुणे के साथ ही मुंबई और कोल्हापुर में मामले दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने सत्र न्यायालय से लेकर उच्च न्यायालय तक का दरवाजा खटखटाया। उच्च अदालत द्वारा निर्धारित की गई मियाद में 50 करोड़ रुपए जमा कराने में वे आखिर तक नाकाम साबित हुए। इस पर अदालत की फटकार के बाद उनकी गिरफ्तारी निश्चित हो गई थी। पुणे पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के अलग अलग दस्ते डीएसके की तलाश में जुट गई और बीती सुबह उन्हें दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

देर शाम को उन्हें पुणे की अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया। देर रात जमीन पर गिरने से उनकी तबीयत बिगड़ गयी, उन्हें तत्काल ससून अस्पताल ले जाया गया। आज तड़के 3 बजे से सोशल मीडिया पर डीएसके को ब्रेन हेमरेज होने की पोस्ट वायरल होने लगी, जिससे पुलिस महकमे की भी नींद उड़ गई। बहरहाल ससून अस्पताल के सूत्रों के हवाले से उनकी तबीयत ठीक रहने की जानकारी मिली है। एमआरआइ, सिटी स्कैन समेत अन्य जांच रिपोर्ट नॉर्मल है। फिलहाल आईसीयू में उनका इलाज जारी है।