लॉटरी व्यापारी ने पत्नी और तीन बच्चों को जान से मार डालने की कोशिश की

मुंबई: पुणे समाचार
लॉटरी व्यापारी ने पत्नी और तीन बच्चों को जान से मार डालने की कोशिश की। गोरेगाव के आरे रोड पर सुमती आर्केड में मंगलवार रात देढ़ बजे के आसपास यह दिल दहलाने देने वाली घटना हुई। आरोपी का नाम उमेश गुप्ता (48) है। हमले में पत्नी और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पत्नी की हालत चिंताजनक है।

गले-गले तक कर्ज में डूबे उमेश का व्यापार हद से ज़्यादा खराब दौर से गुज़र रहा था जिससे वह निराशा के चरम पर पहुँच गया था। गोरेगाव पुलिस को उमेश ने बताया कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। उमेश इतना निराश हो चुका था कि उसे लगा कि सभी समस्याओं का हल परिवार के सभी सदस्यों को मार कर खुद भी मर जाने से ही मिल सकता है। बीती रात उसने परिवार के साथ खाना खाया। पत्नी बिंदू, बड़ी बेटी निकिता (24), अंकिता (22) और लड़का अनिकेत (16) गहरी नींद के आगोश में सो गए तो रात देढ़ बजे के आसपास उमेश ने उन्हें मौत की नींद सूलाने के लिए धारदार चाकू से वार कर डाला। सबसे पहले पत्नी के गले पर चाकू चलाया फिर उसके पेट और शरीर के अन्य स्थानों पर वार किया। निकिता पर चाकू चलाने के दौरान ही अंकिता और अनिकेत की नींद टूट गई। उन दोनों को गहरा सदमा लगा लेकिन तब भी उन्होंने उमेश को रोकने की भरसक कोशिश की। लेकिन उमेश अपने आपे में नहीं था, वह उन दोनों पर भी टूट पड़ा। अंकिता ने हिम्मत कर घर का दरवाज़ा खोला और बाहर भागी, उसने तुरंत पड़ौसियों को बुलाया।

चारों को बेदम मारने के बाद खुद उमेश रात दो बजे के आसपास पुलिस थाने पहुँचा। उसके कपड़े खून से सने थे। उसने जो घटा वह बता दिया। पुलिस सुमती आर्केड पहुँची। तब तक पड़ौसियों ने चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया था। आरोपी पर जान से मार डालने की साजिश के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट ने गुरुवार तक पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है। मामले की जाँच गोरेगाव पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक धनाजी नलावडे कर रहे हैं।