हद है! पहले पिता का गला काटा, बाद में फेविक्विक से जोड़ने की कोशिश की

लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में चौंका देने वाला वाकया सामने आया है। एक बेटे ने अपने पिता का गला काट डाला और उसके बाद उसे फेविक्विक से जोड़ने की नाकाम कोशिश की। पिता का इलाज किया जा रहा है, इस बीच बेटा फरार हो गया है।

बस्ती जिले के सोनवा पुलिस थाना क्षेत्र में रामदेव अपने बेटे का साथ रहते हैं। उनकी पत्नी की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। रामदेव जब तक रेलवे विभाग में काम करते थे, घर पर पैसे दिया करते थे और तब तक सब ठीक था, घर में उनकी इज़्‍़ज़त भी की जाती थी। लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद जैसे ही रामदेव बीमार पड़े उनका जीना दुश्वार हो गया।

शनिवार रात जब रामदेव घर लौटे तब बेटे जगदीश ने उनका गला काट डाला। ज़ख़्मी पिता की चीखें बाहर किसी को सुनाई न दें इसलिए उसने टीवी की आवाज़ ऊँची कर दी। बाद में वह डर गया। उसे लगा कि कहीं वह पकड़ा न जाए, तो उसने फेविक्विक से पिता का गला जोड़ने की नाकाम कोशिश की। लेकिन कामयाब न होने पर वह पिता को वैसे ही छोड़कर वहाँ से भाग गया। पिता रामदेव गिड़गिड़ाते रहे…कुछ समय बाद पड़ौसियों को आवाज़ सुनाई दी और वे भागकर आए। पड़ौसियों ने ही रामदेव को अस्पताल में भर्ती करवाया।

इतना ही नहीं यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी जगदीश इससे पहले वर्ष 2005 में अपनी पहली पत्नी की हत्या कर चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर दूसरी शादी की थी। मतलब जगदीश की पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति रही है। हालाँकि अभी जगदीश फरार है और पुलिस जाँच कर रही है।