100 मिनटों में छीन गए ढाई लाख के जेवर.

पुणे/ पिंपरी, चेन स्नैचिंग की लगातार हो रही वारदातों से पुणे व पिंपरी चिंचवड़ की महिलाओं में खौफ व्याप्त है। मंगलवार की रात सवा सात बजे से नौ बजे तक के 100 मिनटों में मोटरसाईकिल सवार लूटेरों ने बावधन, पिंपले निलख और वारजे मालवाड़ी इलाकों में तीन वारदातों को अंजाम दिया, जिनमें तकरीबन ढाई लाख रुपए के जेवर लूटे गए। इस बारे में वारजे, हिंजवड़ी व वाकड़ पुलिस थानों में मामले दर्ज किए गए हैं।
पहली वारदात बीती रात 7.20 बजे बावधन बुद्रुक में तिरुमला हाइट्स सोसाइटी के सामने हुई। यहां बापुजी बुवा रोड पर पैदल जा रही बावधन खुर्द, मुलशी, पुणे निवासी एक 34 वर्षीय महिला के गले से 45 हजार रुपए का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला ने मोटरसाईकिल सवार लूटेरों के खिलाफ हिंजवड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरुण वायकर मामले की जांच में जुटे हैं।
दूसरी वारदात वारजे मालवाड़ी में सोबापुरम सोसाईटी की बाऊंजर बिल्डिंग के सामने रात 7.35 बजे हुई। यहां मोटरसाईकिल सवार लूटेरों ने वारजे मालवाड़ी निवासी एक 44 वर्षीय महिला के गले से एक लाख रुपए का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला की शिकायत के आधार वारजे पुलिस ने मामला दर्ज किया है, पुलिस उपनिरीक्षक एसएन धावडे जांच में जुटे हैं।
तीसरी वारदात रात नौ बजे विशालनगर विद्यानिकेतन स्कूल के पास ओंकार पार्क सोसाइटी के सामने हुई, जिसमें मोटरसाईकिल सवार लूटेरों ने निगड़ी के यमुनानगर निवासी एक 43 वर्षीय महिला के गले से एक लाख रुपए का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। इस बारे में सांगवी पुलिस ने मामला दर्ज किया है, सहायक पुलिस निरीक्षक अलका सरग मामले की जांच में जुटी हैं।