शातिर वाहनचोर से पौने छह लाख के 19 दोपहिये बरामद

पुणे : समाचार ऑनलाइन – चाकण परिसर में पेट्रोलिंग के दौरान पिंपरी चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच के वाहनचोरी विरोधी दस्ते के हत्थे एक शातिर वाहनचोर चढ़ गया है। उसके पास से पौने छह लाख के 19 दोपहिये बरामद होने की जानकारी क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त आरआर पाटिल ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दी। विशाल उत्तम मेटांगले (21, निवासी दावडमला, चाकण, पुणे) ऐसे गिरफ्तार आरोपी का नाम है। उसके साथ उमाकांत सालुंके, मनोज वाघमारे नामक उसके साथियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

सहायक आयुक्त पाटिल के अनुआर, क्राइम ब्रांच के वाहनचोरी विरोधी दस्ते की टीम चाकण परिसर में पेट्रोलिंग कर रही थी। तब दस्ते के एक कर्मचारी सचिन उगले को शातिर वाहन चोर के बारे में मुखबिर से जानकारी मिली। इसके अनुसार दस्ते के वरिष्ठ निरीक्षक डॉ. विवेक मुगलीकर के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश कांबले, उपनिरीक्षक गिरीष चामले, कर्मचारी विवेकानंद सपकाले, हजरत पठाण, दादा पवार, रमेश गायकवाड़, विनोद सालवी, सचिन उगले, अरूण नरले व युनिट तीन की टीम ने जाल बिछाया और विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर तलेगांव, चिखली, चाकण, भोसरी, खेड़, पिंपरी थानों की सीमा से 19 दोपहिये चुराने की वारदातें स्वीकारी।