7 साल की बच्ची को कुत्ते ने काटा तो उसके मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पिंपरी। एक सात वर्षीय बच्ची को पालतू कुत्ते ने काट लिया तो पुलिस में कुत्ते के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह चौंकाने वाला मामला पिंपरी चिंचवड़ के सांगवी के जयमालानगर इलाके में सामने आया है। शुक्रवार की शाम घटी इस घटना में सांगवी पुलिस ने संजय विनायक पवार (निवासी जयमाला नगर, जुनी सांगवी, पुणे) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पवार के कुत्ते के हमले में प्रतीक्षा राजकुमार इंगोले नामक 7 साल की बच्ची घायल हुई।है। कुत्ते ने बच्ची के पैरों को काट लिया है जिसके चलते उसका पैर चोटिल हुआ है। इस घटना को लेकर प्रतीक्षा की मां ज्योत्स्ना राजकुमार इंगोले (26, निवासी जयमाला नगर, जुनी सांगवी, पुणे) ने बीते दिन सांगवी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके अनुसार संजय पवार के खिलाफ मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
सांगवी पुलिस ने बताया कि, शुक्रवार की शाम साढ़े छह बजे के करीब प्रतीक्षा अपने पिता से मोबाइल फोन पर बात कर रही थी। इस दौरान संजय पवार ने अपने तीन पालतू कुत्तों में से एक को खुला छोड़ दिया। उस कुत्ते ने बच्ची के पैर में काट लिया। उसकी मां ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। घटना के दूसरे दिन उसकी मां ने सांगवी पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके चलते पुलिस ने पवार के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।