लॉकडाउन की झूठी अफ़वाह फैलाने वालो पर कड़ी कारवाई: देशमुख

मुंबई : राज्य में कोरोना के मरीज़ों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसलिए लोगो में डर का माहौल है। सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें लोगो की चिंता और बढ़ा रही हैं। लॉकडाउन के बारे में गलत संदेश,  फोटो तैयार कर  सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इससे लोगो में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अब इस पर कदम उठाया है। अनिल देशमुख ने लॉकडाउन की अफ़वाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।

अनिल देशमुख ने ट्वीट कर कहा कि साइबर क्राइम ब्रांच उन लोगों पर कड़ी नज़र रख रही है जो महाराष्ट्र में फिर से लॉकडाउन की झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। बिना कोई अधिकृत जानकारी के झूठी सूचना फैलाने में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिया है 8 दिन का अल्टीमेटम

राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 21 फरवरी को लोगों से संवाद साधा। राज्य में कोरोना की स्थिति गंभीर होती रही है। यदि राज्य में लॉकडाउन नहीं चाहते हैं  तो लोगों को मास्क पहनने,  सामाजिक दूरी बनाए रखने, लगातार हाथ धोने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन के लिए आठ दिन का अल्टीमेटम दिया है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की शुरुआत हुई हैं और राज्य में सभी राजनीतिक, सरकारी, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर कुछ दिनों के लिए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की गई है।