बड़ी खबर : बांग्ला फिल्मों के मशहूर एक्टर और TMC के पूर्व सांसद तापस पाल का निधन

मुंबई : समाचार ऑनलाइन – बांग्ला फिल्मों के मशहूर अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद तापस पॉल का आज सुबह निधन हो गया। वह महज 61 साल के ही थे। उन्होंने मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार, तापस काफी दिनों से बीमार थे। मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। सुबह करीब 5:15 बजे उन्होंने अंतिम सांसें ली। उनका अंतिम संस्कार आज शाम कोलकाता में किया जाएगा।

उनकी मौत की खबर से सिनेमा और राजनीति जगत की हस्तियां शोक में हैं। वह साल 2014 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से जीत हासिल कर संसद पहुंचे थे।  उन्होंने टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ा था।

तापस पॉल का फ़िल्मी सफर –  
तापस पॉल का जन्म 29 सितंबर, 1958 को हुआ था। उन्होंने 22 साल की उम्र में अपने करियर की शुरुआत की थी। पॉल ने दादर कीर्ति फिल्म से फिल्मी दुनिया में डेब्यू किया था। 80 के दशक में उन्होंने कामयाबी को छुआ। उनकी कई फिल्में बैक-टू-बैक सुपरहिट रहीं। ‘साहब’, ‘परबत प्रिया’, ‘भलोबासा भलोबासा’, ‘अमर बंधन’, ‘अनुरागेर चोयान’ समेत उनकी कई फिल्मों सुपरहिट रही थीं।

इतना ही नहीं साल 1981 में रिलीज हुई फिल्म साहब के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था। बांग्ला फिल्मों के अलावा उन्होंने बॉलीवुड में भी काम किया। हिंदी में उनकी पहली फिल्म अबोध थी, जिसमें उन्होंने माधुरी दीक्षित के साथ काम किया था। तापस पाल की पत्नी नंदिनी पाल और उनकी बेटी सोहिनी पॉल है। नंदिनी अभी बांग्ला बिग बॉस की कंटेसटेंट हैं। जबकि बेटी भी एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने जा रही हैं।