बर्थडे स्पेशल: इंटरव्यू के दौरान लता को दिल दे बैठे थे रजनीकांत

पुणे : समाचार ऑनलाइन – साउथ के भगवान और सुपरस्टार रजनीकांत का आज 68वां जन्मदिन हैं। इस मौके पर हम आपको लव स्टोरी के बारे में बताने जा रहे हैं। रजनीकांत और लता की शादी को 37 साल हो चुके हैं। आज भी दोनों के बीच वैसा ही प्यार है जैसा कि 37 साल पहले था। यह बात साल 1980 की है। कहा जाता है कि रजनीकांत उस वक्त के.बालाचंदर की तमिल फिल्म ‘थिल्लू मल्लू’ की शूटिंग कर रहे थे। यह फिल्म साल 1979 में आई बॉलीवुड फिल्म ‘गोलमाल’ की रीमेक थी। यह रजनीकांत की पहली कॉमेडी फिल्म थी। कहा जाता है कि इस फिल्म की शूटिंग के दौरान ही रजनीकांत से एक एक कॉलेज मैगजीन ने इंटरव्यू के लिए संपर्क किया। कॉलेज की तरफ से जिस महिला को इंटरव्यू लेना था वह कोई और नहीं बल्कि लता रंगाचारी थीं। लता को पहली बार देखते ही रजनीकांत को उनसे प्यार हो गया। इंटरव्यू के दौरान दोनों काफी कंफटेबल थे, जिसकी खास वजह दोनों का बंगलुरू से कनेक्शन होना था।

दरअसल, रजनीकांत फिल्मों में आने से पहले बंगलुरू ट्रांसपोर्ट सर्विस में बस कंडक्टर की नौकरी करते थे, जबकि लता का बंगलुरू में घर था। इस इंटरव्यू के दौरान लता को महसूस हुआ कि सुपरस्टार होने के बाद भी वह रजनीकांत से कितनी कंफटेबल होकर बात कर पा रही हैं।  इंटरव्यू के दौरान रजनीकांत को एहसास हुआ कि लता के लिए जो उन्होंने महसूस किया वह किसी के लिए नहीं किया। तभी रजनीकांत को एहसास हो गया कि लता ही उनकी सोलमेट हैं जिसकी वह तलाश कर रहे थे। यह बात लगातार इंटरव्यू के दौरान रजनीकांत के दिमाग में चलती रही। जैसे ही इंटरव्यू खत्म हुआ तुरंत रजनीकांत ने लता को शादी के लिए प्रपोज कर दिया।

रजनीकांत के प्रपोजल को सुनकर लता हैरान रह गई थीं। हालांकि लता ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें उनके माता-पिता से बात करनी होगी। दोनों ने तुरंत तो पेरेंट्स से मिलने का फैसला नहीं किया और एक दूसरे को कुछ वक्त दिया। रजनीकांत ने यह बात अपने करीबी दोस्त और तमिल सिनेमा कॉमेडियन वाई जी महेंद्रन को बताई। वाई जी महेंद्रन से लता की बहन की शादी होने जा रही थी। रजनीकांत काफी नर्वस थे कि लता के माता-पिता शादी के लिए राज होंगे या नहीं। हालांकि दोनों के माता-पिता राजी हो गए। इसके बाद रजनीकांत और लता 26 फरवरी 1981 को शादी के बंधन में बंध गए। रजनीकांत और लता के दो बच्चे हैं ऐश्वर्या और सौंदर्या।