मध्य प्रदेश में छाए बादल, बौछारें पड़ने की संभावना

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। राज्य में मानूसन की सक्रियता बनी हुई है, जिससे गुरुवार की सुबह से आसमान में बादलों का डेरा है और हवाओं के चलने से गर्मी और उमस का असर बहुत कम है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और बौछारें पड़ी।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, बंगाल की खाड़ी में ऊपरी हवाओं की चक्रवात की स्थिति बनी हुई है जिसके आगामी समय में कम दवाब के क्षेत्र में बदलने के आसार हैं। इस कारण आगामी 24 घंटों में हल्की बौछारों के साथ बारिश का दौर पुन: शुरू हो सकता है।

राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.8 डिग्री, ग्वालियर का 25.5 डिग्री और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 33.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा।