लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के बयान पर भड़की कांग्रेस

पुणे। समाचार ऑनलाइन

सिर्फ ‘चले जाओ’ का नारा लगाने भर से अंग्रेज भारत छोड़कर चले नहीं गए। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। बीते दिन चिंचवड़ में क्रांतिवीर दामोदर हरि चापेकर की डाक टिकट के अनावरण समारोह में उन्होंने यह बयान दिया था। पुणे कांग्रेस ने महाजन के इस बयान की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस ने कहा है कि, भाजपा का आजादी की लड़ाई से कोई संबंध नहीं आया, इसलिए महाजन को पूरी जानकारी नहीं है।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कल उक्त समारोह के अपने संबोधन में कहा था कि, हमारे देश को आजादी इतनी आसानी से नहीं मिली है। उसकी कीमत सालोंसाल चुकानी पड़ी है। आजादी के लिए कई आंदोलन हुए, अहिंसक आंदोलन भी हुए। 1857 से 90 सालों तक आजादी की लड़ाई चली है, इसे भुलाया नहीं जा सकता। केवल चले जाओ का नारा देनेभर से अंग्रेज देश छोड़कर चले नहीं गए।

महाजन के इस बयान पर पुणे शहर कांग्रेस के अध्यक्ष रमेश बागवे ने कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा है कि, 1942 में महात्मा गांधी ने चले जाओ का नारा देने के बाद करेंगे या मरेंगे आंदोलन की शुरूआत की। वहाँ से आजादी की लड़ाई को निर्णायक मोड़ मिला और 1947 में भारत को आजादी मिली। बागवे ने यह फब्ती भी कसी कि, शायद महाजन को आजादी की लड़ाई की पूरी जानकारी नहीं है। क्योंकि भाजपा या संघ परिवार का आजादी की लड़ाई से कभी कोई संबंध ही नहीं आया। यह मंडली कभी इस लड़ाई में थी ही नहीं।