निर्माणकार्य अनुमति विभाग ने तोड़ा आमदनी का रिकॉर्ड

पिंपरी। सँवाददाता : आमदनी के लिहाज से निर्माणकार्य अनुमति (कंस्ट्रक्शन परमिशन) विभाग पिंपरी चिंचवड मनपा का अहम विभाग साबित हुआ है। इस विभाग ने जारी वित्त वर्ष के सात माहों में बजटीय लक्ष्य साधते हुए अब तक के नौ माहों में कुल 520.83 करोड़ का राजस्व हासिल किया है। बीते वित्त वर्ष के नौ माहों में मिली आय की तुलना करें तो इस वित्त वर्ष में निर्माणकार्य अनुमति विभाग ने 221.26 करोड़ की आयवृद्धि हासिल की है।
मनपा इतिहास में यह पहला मौका है जब वित्त वर्ष के सात माह में ही बजटीय लक्ष्य को साध लिया गया। यह उपलब्धि हासिल करनेवाला निर्माणकार्य अनुमति विभाग पूरे मनपा में अकेला विभाग साबित हुआ है। निर्माणकार्य अनुमति विभाग की इस उपलब्धि के लिए विभाग के मुखिया समेत अन्य आला अधिकारियों को बुधवार को स्थायी समिति की सभा में सम्मानित किया गया। स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी व मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर के हाथों विभाग के सहशहर अभियंता राजन पाटिल, कार्यकारी अभियंता सतीश इंगले, राजेंद्र राणे, शिरीष पोरेड्डी समेत उपअभियंता व कनिष्ठ अभियंताओं को गौरवपत्र की ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
गत वर्ष मिली थी 299.57 करोड़ की आय
मनपा के सन 2019- 2020 इस वित्त वर्ष के बजट में निर्माणकार्य अनुमति विभाग के लिए 350 करोड़ रुपए की आमदनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इस वित्त वर्ष के सात माह में यानी अक्टूबर 2019 में यह बजटीय लक्ष्य साधा गया है। एक अप्रैल से 31 दिसंबर 2019 तक इस विभाग ने कुल 520. 83 करोड़ रुपए की रिकॉर्ड आमदनी हासिल की है। गुजरे वित्त वर्ष के इन्हीं नौ माहों में 299.57 करोड़ की आमदनी मिली थी। इन नौ माहों में मिली आमदनी की तुलना की जाय तो इस वर्ष के नौ माहों में 221.26 करोड़ रुपए की आयवृद्धि मिली है।