दिल्ली: शीला दीक्षित और मनोज तिवारी होंगे आमने-सामने, कांग्रेस ने जारी की लिस्ट

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। इससे पहले बीते दिन भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। जिसके बाद अब कांग्रेस ने भी दिल्ली की सात में से 6 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित को भी चुनावी मैदान में उतार दिया है जो उत्तर पूर्व दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार और प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के सामने चुनौती पेश करेंगी।

चांदनी चौक से पार्टी ने कपिल सिब्बल की बजाय इस बार दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल को उतारा है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली की चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने चांदनी चौक से डॉ. हर्षवर्धन, उत्तर पूर्वी दिल्ली (नॉर्थईस्ट दिल्ली) से मनोज तिवारी पश्चिमी दिल्ली (वेस्ट दिल्ली) से प्रवेश वर्मा, दक्षिणी दिल्ली (साउथ दिल्ली) से रमेश बिधूड़ी को टिकट दिया है।

वहीं आम आदमी पार्टी ने मार्च में अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी। पार्टी ने नई दिल्ली से ब्रजेश गोयल, पूर्वी दिल्ली से अतिशी, उत्तर पूर्व दिल्ली से दिलीप कुमार पांडे, दक्षिण दिल्ली से राघव चड्ढा, चांदनी चौक से पंकज गुप्ता, उत्तर पूर्व से गगन सिंह, पश्चिमी दिल्ली से बलबीर सिंह जाखड़ को चुनावी मैदान में उतारा है।