जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की

पुणे समाचार – केंद्रीय चुनाव निरीक्षक की उपस्थिति में जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने मावल और शिरूर लोकसभा सीट पर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में मावल लोकसभा सीट के चुनाव निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, शिरूर लोकसभा सीट से चुनाव निरीक्षक एस. हरिकिशोर, पुलिस ऑब्जर्वर आभास कुमार, मावल के चुनाव निर्णय अधिकारी कविता द्विवेदी, शिरूर के चुनाव निर्णय अधिकारी रमेश काले, पुलिस सुपरिंटेंडेंट संदीप पाटिल, निवासी उपजिलाधिकारी डॉ. जयश्री कटारे, उप जिला चुनाव अधिकारी मोनिका सिंह, एडीशनल पुलिस कमिश्नर एम.एम. रानडे, डीसीपी मीतेश घट्टे, समन्वय अधिकारी नंदिनी आवड़े, अजीत रेलेकर, महेश आव्हाड़, दिलीप गावड़े आदि उपस्थित थे।

लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मावल और शिरूर लोकसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव में अलग-अलग सूचना-टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई है। दिव्यांग

मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक भी मतदाता छूटे नहीं इस उद्देश्य से मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

इस बैठक में सी-विजिल ऐप, एक खिड़की योजना, डाक वोट, वेब कांस्टिंग, सूक्ष्म निरीक्षक, चुनाव खर्च की देखरेख आदि के संबंध में जानकारी दी गई।

जिला पुलिस सुपरिंटेंडेंट संदीप पाटिल ने अवैध हथियारों की जब्ती, कानून-व्यवस्था की जानकारी दी। चुनाव निरीक्षक ने जिले में चुनाव तैयारी को बेहतर बताते हुए इसके शांति व निस्पक्ष वातावरण में सम्पन्न होने का भरोसा जताया।