मशहूर अभिनेत्री लालन सारंग नहीं रही 

पुणे। संवाददाता – जानी मानी मराठी अभिनेत्री एवं थियेटर कलाकार लालन सारंग (79)  का शुक्रवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके करीबी परिजन ने इस खबर की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि उनका अंतिम संस्कार मुंबई में शनिवार को किया जाएगा। सारंग के परिवार में बेटा राकेश और उनका परिवार है। सूत्रों के मुताबिक उनको बुढ़ापे संबंधी कुछ बीमारियां थी। उन्हें करीब एक महीना पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज सुबह उनके प्राण पखेरू उड़ गए। उनके देहांत से फिल्म, कला, थियेटर, सांस्कृतिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
अभिनेत्री और थियेटर कलाकार के रूप में मशहूर लालन सारंग का जन्म 26 दिसंबर 1938 को मुंबई में एक मध्य वर्गीय परिवार में हुआ था। उनके परिवार में किसी का रिश्ता सिनेमा या थियेटर से नहीं था। वह मुंबई में कॉलेज के दिनों से ही थियेटर में अभिनय करने लगी थीं। उन्होंने एक नाटक प्रतियोगिता में भाग लिया था। वहां उन्हें अपनी भूमिका के लिए सराहना मिली। सारंग को ‘‘सखाराम बाइंडर’’, ‘‘गिधाड’’, ‘‘रथचक्र’’ और ‘‘कमला’’ समेत कई प्रसिद्ध नाटकों में अपनी प्रभावशाली भूमिका के लिए जाना जाता है। इसके अलावा उन्होंने ‘‘सामना’’, ‘‘हा खेल सावल्यांचा’’ और ‘‘महक’’ जैसी फिल्मों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कई हिंदी धारावाहिकों में भी काम किया था। उन्होंने कुछ किताबें भी लिखी थीं। उनके पति दिवंगत कमलाकर सारंग एक प्रसिद्ध थियेटर निर्देशक थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार मुंबई में शनिवार को किया जाएगा।