फिर हमला, बैरिकेडिंग तोड़ पहुंचे किसान…निशाने पर रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा  

फिरोजपुर. ऑनलाइन टीम : किसानों के तेवर अभी शांत नहीं। लाल किले पर हुई घटना के बाद वैसे तो किसान संगठनों ने उपद्रवियों से खुद किनारा कर लिया था, लेकिन उपद्रवी अभी खामोश नहीं। उनकी मानसिकता किसी तरह रंग में भंग डालने की जारी है। ताजा मामला  फिरोजपुर का है, जहां किसानों ने  पार्टी के पंजाब प्रधान अश्विनी शर्मा की गाड़ी पर हमला किया। वे नगर कौंसिल चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मीटिंग करने मालवाल रोड स्थित सिटी प्लाजा पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने की सूचना पर किसान पैलेस के बाहर धरने पर बैठे थे। अश्वनी शर्मा जैसे ही वहां पहुंचे,  किसानों ने पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को हटा दिया। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी भिड़ंत भी हुई। पुलिस ने इस दौरान हल्का बल भी प्रयोग किया। कहा जा रहा है कि उपद्रवी असामाजिक तत्व थे, जिनकी मानसिकता उपद्रव करने की ही थी। उन्होंने हंगामा बरपाने के लिए  भाजपा के पूर्व विधायक सुखपाल सिंह नन्नू की पगड़ी भी उतारने की कोशिश की, ताकि इसे अलग रंग दिया जा सके। हंगामे को देखे हुए अश्विनी शर्मा ने कार्यक्रम रद कर दिया।

गत दिवस भी मोगा में पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को भी किसान यूनियन के विरोध का सामना करना पड़ा था। तब सांपला को यहां चुनावी सभा को संबोधित करना था। बहरहाल, किसी तरह पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़कर मंत्री का काफिला निकाला।