चारा घोटाला.. आज जमानत मिली तो जेल से बाहर होंगे लालू यादव, फिलहाल एम्स में भर्ती हैं

रांची. ऑनलाइन टीम   बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला में सजायाफ्ता हैं। उन्हें चार मामलों में सजा सुनायी जा चुकी है। एक मामला अदालत में चल रहा है। दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में लालू प्रसाद यादव की ओर से दाखिल की गयी जमानत याचिका पर आज शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत में सुनवाई होगी। इस फैसले पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं, क्योंकि इस मामले में लालू प्रसाद को जमानत मिली, तो वे जेल से बाहर आ जाएंगे। देवघर और चाईबासा (दो मामले) से जुड़े तीन मामलों में इन्हें झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी है। चौथा मामला दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़ा है। इसी मामले में लालू प्रसाद जमानत की मांग कर रहे हैं।

आपको बता दें कि बिहार के पूर्व सीएम व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 23 दिसंबर 2017 से चारा घोटाला मामले में रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं। दुमका, देवघर और चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी मामले में रांची स्थित सीबीआई की विशेष अदालत इन्हें सजा सुना चुकी है। सीबीआई की विशेष अदालत ने इस दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में उन्हें सात साल की सजा सुनाई है।

इस बीच, वे आधी सजा काट चुके हैं और करीब 18 बीमारियों से ग्रस्त भी हैं। फिलहाल, लालू प्रसाद यादव दिल्ली के एम्स में इलाजरत हैं। इससे पहले ये रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती थे। अचानक तबीयत खराब होने के बाद कोरोना समेत अन्य बीमारियों की जांच रिम्स में की गयी थी। मेडिकल बोर्ड की अनुशंसा के बाद इन्हें दिल्ली एम्स भेजा गया है।  अस्वस्थता और आधी सजा काट लेने के कारण उन्होंने अदालत से दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामले में जमानत देने का अनुरोध किया है।