भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन के मरीजों की बढ़ रही संख्या, अब तक 25 लोग संक्रमित 

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : ब्रिटेन समेत दुनिया भर के 16 देशों में पैर पसार चुका कोरोना वायरस का नया भारत पहुंच गया है।  यह स्ट्रेन 70 फीसदी ज्यादा संक्रामक है। एहतियातन सरकार ने यूरोपीय देशों से आने वाली उड़ानों पर अस्थाई रोक लगा रखी है। 25 नवंबर से 23 दिसंबर तक कुल 33 हजार लोग यूके से भारत के अलग-अलग एयरपोर्ट पर उतरे। इनमें से 114 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। इनके सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भारत के 10 अलग-अलग प्रयोगशालाओं में भेजे गए। तब पता चला कि  20 से 25 लोग नए स्ट्रेन से पीड़ित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 25 लोगों को दिल्ली में आइसलोशन में रखा गया है।

कोरोना के नए स्ट्रेन के खतरे के बीच देश में एक महीने में ब्रिटेन से लौटे करीब 33 हजार लोगों ने सरकार की परेशानी बढ़ा दी है। बिहार, पंजाब और महाराष्ट्र जैसे कई राज्यों में यूके से आए लोगों की ट्रेसिंग नहीं हो पा रही है। कई यात्रियों ने पता और नंबर गलत बताया है, जिससे ट्रेसिंग में दिक्कत आ रही है। पंजाब में सबसे ज्यादा 3 हजार 426 लोग ब्रिटेन से लौटे, इनमें से 2 हजार 426 ट्रेस नहीं हुए. वहीं, महाराष्ट्र में 1200 से लोग लौटे, जिनमें पुणे के 109 लोग लापता हैं, जो खतरे की घंटी है।

ब्रिटेन में सरकार के मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार पैट्रिक वैलेन्स ने कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को लेकर कहा, ‘वायरस हमेशा अपना रूप बदलता रहता है और दुनिया भर में इसके कई नए रूप मिल सकते हैं। लेकिन यह एक विशेष स्ट्रेन है, जो अधिक महत्वपूर्ण है।  इस स्ट्रेन में क्या बदला है और वो अधिक खतरनाक है या नहीं यह समझने के लिए इसकी फिर से सीक्वेंसिग की जरूरत होगी और इस पर वैश्विक स्तर पर काम चल रहा है।