बिहार में अइसन बा….सेना में सेलेक्ट होते ही युवक का  अपहरण, ले जाकर बैठा दिया मंडप में    

लखीसराय. ऑनलाइन टीम : बिहार में शादी योग्य लड़के का अपहरण करके उसकी जबरन शादी करवाने की बात नई नहीं है। हाल के दशक में इसमें कमी जरूर आई है। फिर भी कहीं न कहीं सुनने को यह कहानी मिल ही जाती है। लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगासराय पंचायत में भी कुछ ऐसा ही हुआ। यहां के पश्चिमी टोला निवासी मनोज कुमार सिंह के एकलौते 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार का गुरुवार को अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया।

शिवम अपने नियमित दौड़ के लिए घर से निकला था। उसी दौरान अज्ञात लोगों के द्वारा उसका अपहरण कर लिया गया। काफी खोज-बीन के बाद भी उसकी जानकारी नहीं मिली तो परिजन निढाल पड़ गए। वे काफी खुश थे, क्योंकि शिवम कुमार का सेना की भर्ती परीक्षा में कलर्क ग्रेड में चयन हो चुका था। आगामी 14 जनवरी को उसे अपने कार्यस्थल हैदराबाद में योगदान देने के लिए जाना था। परिवार को इस सूचना से बड़े सहारे की आस थी, लेकिन हुआ कुछ और।

इसी बीच, उनकी खुशी यह जानकर लौटी कि उनका बेटा सुरक्षित है।  अपहरण कर उसक शादी करवा दी गई है। शादी पड़ोस के पहाड़पुर गांव में मुन्ना सिंह की बेटी से कराई गई है। वैसे शिवम के परिजनों का शुरू से यह कहना था कि अपहरण पैसों के लिए नहीं हुआ है।  लोगों में यह भी चर्चा है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का भी हो सकता है। वैसे इसकी अब तक पुष्टि नहीं हुई है।

बहरहाल, परिजन शिवम की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर गंगासराय गांव के पास ही एनएच 80 पर धरना देकर सड़क को जाम कर दिया। जानकारी मिलते ही बड़हिया थाना की पुलिस के अलावा एसडीपीओ रंजन कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ गंगासराय पहुंच मामले की पूरी जानकारी ली तथा परिजनों को जल्द से जल्द शिवम को ढूंढ निकालने का भरोसा दिलाया।

बता दें कि 80 के दशक में उत्तर बिहार में विशेषकर बेगूसराय जिले में पकड़वा विवाह के मामले खूब सामने आए थे। इस विषय पर कुछ साल पहले एक फिल्म और भाग्यविधाता नाम का सीरियल भी बन चुका है। हालात ये थे कि हर 7 से 8 गांव पर इसके लिए गिरोह चलते थे। हर साल शादी के सीजन में इनकी बहुत डिमांड रहती थी। इंटर की परीक्षा देते स्टूडेंट्स और नौकरी करने वाले लड़कों को शादी के सीजन में घर से न निकलने के लिए सलाह दी जाती थी। बिहार पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के अनुसार, साल 2014 में 2526, 2015 में 3000, 2016 में 3070 और नवंबर 2017 तक 3405 शादी के लिए अपहरण हुए थे।