मप्र में हवाओं से गर्मी में राहत, बादल छाने के आसार

भोपाल (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में मौसम में आए बदलाव से शुक्रवार को गर्मी का असर कम है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने की संभावना जताई है।

राज्य में शुक्रवार की सुबह से मौसम साफ है, लेकिन हवाओं के चलने से धूप की चुभन कम है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में बने पश्चिमी विक्षोभ के मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने से गर्मी का असर और कम होने की संभावना है, वहीं आगामी 24 घंटों में बादल छाने के साथ कई स्थानों पर बौछारें पड़ सकती हैं।

राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 31.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 39 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 42.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा ।