फर्जी वैक्सीनेशन मामले की जांच को मिली रफ्तार; विशेष टीम का गठन, मुख्य आरोपी का बैंक अकाउंट फ्रीज

मुंबई : ऑनलाइन टीम- मुंबई के कांदिवली इलाके में हीरानंदानी हेरिटेज सोसायटी में 30 मई 2021 को फर्ज़ी टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। यहां पर कई लोगों को नकली टीके दिए गए। फर्जी टीकाकरण मामले में पुलिस अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से 8 संदिग्ध आरोपी हैं। मुंबई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के बैंक खाते को सील कर दिया है। मुंबई पुलिस ने फर्जी टीकाकरण मामले की जांच तेज कर दी है।

इसके लिए मुंबई पुलिस ने एक विशेष जांच टीम का गठन किया है, जिसका नेतृत्व एक डीएसपी रैंक के अधिकारी करेंगे। मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में अब तक फर्जी टीकाकरण शिविरों के 7 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। यह भी पता चला है कि आरोपियों ने आठ अन्य स्थानों पर भी इसी तरह के शिविर लगाए हैं। इसलिए घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

इसमें एक महिला भी शामिल है जो को-विन ऐप पर डेटा अपलोड करने का काम करती है। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। इस जांच में बड़े खुलासे की संभावना वरिष्ठ जांच अधिकारी ने जताई है।

पता चला है कि संबंधित महिला का नाम गुड़िया है। गुड़िया को-विन ऐप पर लोगों का टीकाकरण डेटा अपलोड करने का काम किया करती थी। इसके साथ ही गुड़िया टीकाकरण प्रमाण पत्र जनरेट करने का भी काम कर रही थी। इसलिए कांदिवली पुलिस संबंधित महिला की जांच कर रही है। इस मामले में और कौन कौन शामिल है इसका खुलासा इस महिला से होने की संभावना होने की संभावना है। इसलिए फर्जी वैक्सीनेशन के बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।