लॉकडाउन में गई नौकरी, परेशान होकर इंजीनियर ने की आत्महत्या

पुणे : पिछले लॉकडाउन में नौकरी चली गई। उसके बाद उसे नौकरी नहीं मिली इस कारण एक इंजीनियर युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

ऋषिकेश मारुती उमाप (उम्र 29, ठोसरनगर) आत्महत्या करने वाले युवक का नाम है। इस मामले में कोंढवा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।  पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ऋषिकेश कोंढवा इलाके में रहता था। उसके पिता सरकारी विभाग में थे। वे सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उसका एक भाई है जो बेंगलुरु में नौकरी कर रहा है। आज सुबह 10 बजे तक उसने दरवाजा नहीं खोला तो उसके माता-पिता रूम में गए। वहाँ उन्होने देखा कि उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली।  उन्होने इसकी जानकारी कोंढवा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई।

पिछले साल लॉकडाउन में उसकी नौकरी चली गई। इसके बाद उसे कोई नौकरी नहीं मिली। उसे पबजी खेलने की आदत थी। वरिष्ठ निरीक्षक सरदार पाटिल ने कहा कि नौकरी चले जाने के कारण निराशा में उसने आत्महत्या की होगी। इस मामले की जांच कोंढवा पुलिस कर रही है।