केजरीवाल ने 50 आम लोगों के साथ मंच साझा किया

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)| आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यहां रविवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की तीसरी बार शपथ ली। राम लीला मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आप ने ‘दिल्ली के निर्माता’ के रूप में यहां नामित 50 आम लोगों को आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री केजरीवाल और उनके साथ मंत्री पद की शपथ लेने वाले छह अन्य विधायकों ने इन 50 आम जन के साथ मंच साझा किया।

अपनी तरह की पहली पहल ‘दिल्ली के निर्माता’ में सफाई कर्मचारी, विद्यार्थी, शिक्षक, डॉक्टर औ बस मार्शल जैसे क्षेत्र से लोगों को निमंत्रण भेजा गया था।

विशिष्ट अतिथियों की सूची में से 24 शिक्षा, स्वास्थ्य, गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक कल्याण और परिवहन के क्षेत्र से थे।

कई पुरस्कारों से सम्मानित शिक्षक मनु गुलाटी ने कार्यक्रम में शिरकत की। उन्हें महिला सशक्तीकरण के लिए 2019 का मार्था फैरेल पुरस्कार मिला है। साथ ही एमएचआरडी मंत्रालय द्वारा वर्ष 2018 का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार भी उन्हें मिल चुका है।

दस वर्षो तक शिक्षक के रूप में काम करने वाले मुरारी झा भी समारोह में शामिल हुए। उन्हें वर्ष 2017 का शिक्षा मंत्री का विशेष पुरस्कार मिल चुका है। सभी पाठ्यक्रम सुधारों के कार्यान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिल्ली के सरकारी स्कूलों के लगभग 200 शिक्षकों का झा ने प्रतिनिधित्व किया।

इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से चितेंद्र सिंह वर्मा, विजय कुमार, शशि, हर्षिता, सुमित नागल, लक्ष्मी कांत शर्मा, सोनू गौतम, अलका, बृजेश कुमार, युधिष्ठिर राठे, मिनाक्षी, सुमन, मन्नी देवी, शबीना, लाजवंती, अरुण, गीता देवी, सुन्दर लाल, गजराज , निधि गुप्ता, शंकर सिंह, राहुल वर्मा सहित अन्य लोग ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ शपथ ग्रहण समारोह में मंच साझा किया।