केआईवाईजी (हॉकी) : अंडर-21 वर्ग में हरियाणा ने जीता स्वर्ण

पुणे (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – हरियाणा की लड़कियों की अंडर-21 हॉकी टीम ने रविवार को यहां खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को 3-0 से मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। कांस्य पदक के लिए हुए एक अन्य मैच में पंजाब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ओडिशा को 2-1 से मात दी। हरियाणा ने लड़कियों के अंडर-21, अंडर-17 और लड़कों के अंडर-17, अंडर-21 के फाइनल में जगह बनाई और तीन स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रही।

झारखंड के खिलाफ हरियाणा की टीम ने दमदार शुरुआत की और पहले हाफ में ही उसने 2-0 की बढ़त बना ली। पहला गोल 10वें मिनट में महिमा चौधरी ने दागा। दूसरा हाफ शुरू होने से सात मिनट पहले अमनदीप कौर ने बाईं छोर पर गेंद के साथ शानदार दौड़ लगाई और रिवर्स हिट के जरिए गोल करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। हरियाणा की विंग और मिडफील्ड में मौजूद खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में भी अपने शानदार खेल का जारी रखा। दूसरे हाफ में पांच मिनट खत्म होने के बाद हरियाणा की टीम ने एक शानदार मूव बनाया और मैच का तीसरा गोल किया। यह गोल अमरिंदर कौर ने किया।

कांस्य पदक के मैच में ओडिशा ने अच्छी शुरुआत की और 18वें मिनट में रोजिता कुजुर ने पहला गोल दागा। हालांकि, पंजाब की टीम वापसी करने में कामयाब रही। पहला हाफ समाप्त होने से पहले पंजाब के लिए काजल ने बराबरी का गोल दागा। इसके बाद, पंजाब की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। मैच समाप्त होने से नौ मिनट पहले काजल ने मैच का अपना दूसरा गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया।