हिमाचल के केलांग में पारा शून्य से 15 डिग्री नीचे

शिमला, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)| हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बावजूद शुक्रवार को भी शीतलहर जारी है। इस दौरान लाहौल स्पीति के मुख्यालय केलांग में मौसम सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान शून्य से 15 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक बयान में कहा गया है कि किन्नौर जिले के कल्पा में तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जबकि मनाली में तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे रहा, धर्मशाला में 3.4 डिग्री और डलहौजी में चार डिग्री रहा।

शिमला में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो गुरुवार से एक डिग्री अधिक है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि दिन में धूप के साथ शुष्क मौसम की स्थिति 30 दिसंबर तक बनी रहेगी।

इसके साथ ही राज्य में बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है।