राष्ट्रपति ने कुशवाहा का इस्तीफा स्वीकार किया

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)| राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा का केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा स्वीकार कर लिया। कुशवाहा ने सोमवार को इस्तीफा दिया था।

आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “भारत के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उपेंद्र कुशवाहा के मंत्रिपरिषद से इस्तीफे को तत्काल भाव से स्वीकार कर लिया है।”

मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने के बाद कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार को धोखा देने का आरोप लगाते हुए भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से भी किनारा कर लिया था।

रालोसपा प्रमुख ने यह भी कहा कि मोदी के कामकाज की शैली अपारदर्शी और अलोकतांत्रिक है।

रालोसपा तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के बाद मोदी से अलग होने वाला राजग का दूसरा सहयोगी पार्टी थी। कुशवाहा ने यह भी कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल महज एक रबर स्टैंप बनकर रह गया है।