पुणे- प्रयागराज सीधी उड़ान को वायुसेना से मिली हरी झंडी

पुणे। सँवाददाता : पुणे से प्रयागराज से पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। निजी विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा प्रयागराज से पुणे के लिए सीधी फ्लाइट 5 मार्च से शुरू की जा रही है। वायुसेना मुख्यालय ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को इस फ्लाइट के संचालन की अनुमति दे दी है। इस अनुमति मिलने के बाद इंडिगो ने इस फ्लाइट का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। महज ढाई घंटे में प्रयागराज से पुणे का सफर इस फ्लाइट के माध्यम से पूरा हो सकेगा।
रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) के तहत विमानन कंपनी इंडिगो को प्रयागराज से कोलकाता, मुंबई, रायपुर, भुवनेश्वर, भोपाल, देहरादून, गोरखपुर, पुणे, बंगलूरू के लिए फ्लाइट शुरू करनी थी। कुंभ के पूर्व ही इन सभी शहरों की फ्लाइट का संचालन शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक कंपनी कोलकाता, मुंबई, रायपुर, गोरखपुर और बंगलूरू की ही फ्लाइट शुरू कर सकी है। हालांकि इंडिगो ने प्रयागराज से पुणे के बीच फ्लाइट चलाने की तैयारी की थी लेकिन, पुणे में वायुसेना ने इसकी अनुमति नहीं दी। इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हस्तक्षेप के बाद वायु सेना मुख्यालय ने प्रयागराज से पुणे फ्लाइट के संचालन की अनुमति दे दी है। इसके बाद इंडिगो ने इसका शेड्यूल जारी कर दिया।
प्रयागराज से पुणे के लिए 180 सीट वाली एयर बस (ए 320) चलेगी। इसका शुरूआती किराया अभी 3150 रुपये निर्धारित किया गया है। बंगलूरू से आने वाली फ्लाइट ही प्रयागराज से पुणे तक जाएगी। इस वजह से पांच मार्च से बंगलूरू-प्रयागराज फ्लाइट का भी समय बदल जाएगा। नई व्यवस्था के तहत 5 मार्च से बंगलूरू से यह फ्लाइट सुबह 6.25 बजे प्रयागराज के लिए उड़ान भरेगी। जो 8.50 बजे यहां पहुंच जाएगी। 30 मिनट के बाद सुबह 9.20 बजे यही फ्लाइट प्रयागराज से पुणे रवाना होगी। वहां 11.50 बजे फ्लाइट पहुंच जाएगी। वापसी में पुणे से 12.20 बजे चलकर दिन में 2.45 बजे फ्लाइट प्रयागराज आ जाएगी। जो 3.15 बजे यहां से बंगलूरू के लिए उड़ान भरेगी और वहां शाम 5.50 बजे पहुंच जाएगी। 28 मार्च यानी समर शेड्यूल लागू होने के बाद एक बार फिर से इसका समय बदलेगा।