सोनिया को दिल्ली छोड़ने की सलाह, प्रदूषण से बढ़ सकता है सीने में संक्रमण  

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : चिकित्सकों ने कुछ दिनों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को राष्ट्रीय राजधानी से दूर रहने की सलाह दी है। दरअसल, दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने यह राय उन्हें दी है। सोनिया गांधी को सीने में संक्रमण की शिकायत है।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी कुछ दिनों के लिए गोवा या चेन्नई में रह सकती हैं। उनके साथ राहुल गांधी या प्रियंका गांधी भी जा सकते हैं। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष 30 जुलाई को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुईं थीं, जहां से कुछ दिनों बाद उन्हें छुट्टी मिली थी। फिर 12 सितंबर को वह अपनी नियमित चिकित्सा जांच के लिए विदेश गईं थीं और उनके साथ पुत्र राहुल गांधी भी गए थे। इस कारण दोनों संसद के मानसून सत्र में शामिल नहीं हो सके थे।

तभी से वे सतत् चिकित्सा निगरानी में हैं और चिकित्सक उनके सीने में संक्रमण के लगातार बने रहने से चिंतित हैं। अस्थमा की शिकायत भी बढ़ गई है। सोनिया गांधी ऐसे समय दिल्ली से बाहर जा रही है जब बिहार चुनाव में कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर पार्टी के भीतर से ही आत्मचिंतन की मांग उठ रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले दो फरवरी, 2020 को भी सोनिया गांधी पेट में दर्द की शिकायत के बाद सर गंगाराम अस्पताल में ही भर्ती हुईं थीं। 73 वर्षीय सोनिया गांधी बीते कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं।