औपचारिकता भर साबित होगा स्थायी समिति सभापति चुनाव

पिंपरी। सँवाददाता – पिंपरी चिंचवड़ मनपा की सबसे अहम माने जाने वाली स्थायी समिति सभापति पद के लिए कल (शुक्रवार) चुनाव होने जा रहा है। सत्तादल भाजपा ने वरिष्ठ नगरसेवक संतोष लोंढे और राष्ट्रवादी कांग्रेस ने पंकज भालेकर को प्रत्याशी घोषित किया है। 16 सदस्यों वाली इस समिति में भी सत्तादल का वर्चस्व रहने से लोंढे का सभापति चुना जाना तय है। माना जा रहा है कि कल चुनाव की प्रक्रिया में नामांकन वापसी की मियाद में राष्ट्रवादी का प्रत्याशी मैदान से बाहर हो जाएगा। ऐसे में यह चुनाव महज औपचारिकता भर साबित होने के आसार है।
मनपा तिजोरी की चाबियां संभालने वाली स्थायी समिति में 16 सदस्यों में संख्याबल के हिसाब से सत्तादल के 10, राष्ट्रवादी कांग्रेस के चार, शिवसेना और भाजपा समर्थित निर्दलीयों के मोर्चा के एक- एक सदस्य हैं। हालिया विलास मडिगेरी, ममता गायकवाड, सागर आंगोलकर, राजेंद्र गावडे, करुणा चिंचवडे, नम्रता लोंढे और राष्ट्रवादी काँग्रेस की गीता मंचरकर, प्रज्ञा खानोलकर का कार्यकाल खत्म हो गया। उनकी जगह पर भाजपा के शशिकांत कदम, अंबरनाथ कांबले, संतोष कांबले, अभिषेक बारणे, भीमाबाई फुगे, सुवर्णा बोरुडे और राष्ट्रवादी कांग्रेस की पौर्णिमा सोनवणे, सुलक्षणा धर शिलवन्त की नियुक्ति की गई है। सदस्यों की नियुक्तियों के पश्चात नए सभापति के चुनाव को लेकर मनपा गलियारों में उत्सुकता देखी जा रही थी।
गत तीन साल लगातार भाजपा विधायक लक्ष्मण जगताप गुट के नगरसेवकों को सभापति पद मिला है। इस बार भोसरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक एवं शहराध्यक्ष महेश लांडगे गुट के नगरसेवक को मौका मिलना तय था। लांडगे गुट के संतोष लोंढे के साथ भीमाबाई फुगे, शीतल शिंदे औऱ अभिषेक बारणे भी रेस में थे। भाजपा के प्रदेश स्तर से लोंढे के नाम पर पसंद की मुहर लगा दी गई।राष्ट्रवादी कांग्रेस ने लोंढे के खिलाफ पंकज भालेकर को मैदान में उतारा है। पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ दीपक म्हैसेकर द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार (6 मार्च) को स्थायी समिति सभापति का चुनाव होगा। पुणे मनपा के अतिरिक्त आयुक्त रूबल अग्रवाल इस चुनाव के निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। हालांकि राष्ट्रवादी के खेमे से पता चला है कि चार सदस्यों के बूते चुनाव के मैदान में नहीं टिका जा सकता। ऐसे में माना जा रहा है कि राष्ट्रवादी का प्रत्याशी अपना नामांकन वापस ले लेगा।