देश पर ‘गाजा’ का खतरा, तेज़ी से बढ़ रहा चेन्नई की ओर

चेन्नई : समाचार ऑनलाइन – भारत ने इस साल दो बड़े तूफानों का सामना किया है। केरल और ओडिशा इसकी चपेट में आ चुके हैं और अब देश पर ‘गाजा’ नामक चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है। ‘गाजा’ तेज़ी से चेन्नई की ओर बढ़ रहा है। आज सुबह’गाजा’ की स्थिति चेन्नई से 740 किलोमीटर  पूर्व-पूर्वोत्तर और नागापट्टिनम से 840 किलोमीटर पूर्व-पूर्वोत्तर बताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में तूफान के और करीब आने की आशंका है। फिलहाल यह तूफान दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। 15 नवंबर तक इसके नागापट्टिनम और चेन्नई पार करने की आशंका है। इसके बाद तूफान की तेजी कम हो जाएगी।

मौसम विभाग ने बताया कि 14 नवंबर को ‘गाजा’ के कारण तमिलनाडु के अधिकतर हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही उत्तरी तटीय इलाके और आंध्र से सटे तटीय क्षेत्रों को भारी बारिश का सामना करना पड़ सकता है। इसी तरह 15 नवंबर को दक्षिण तमिलनाडु, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में ख़राब स्थिति की आशंका के मद्देनजर 12 और 13 नवंबर को मछुआरों को समुद्री से दूर रहने की हिदायत दी गई है।