इस भारतीय ने जीती 1 अरब की लॉटरी

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – लॉटरी लगना किस्मत का खेल है और यदि आपकी किस्मत खुल भी गई तो आप उस पैसे से सबसे पहले अपने लिए कुछ करना चाहेंगे। मसलन, आप कार खरीद सकते हैं, लोन चुका सकते हैं या घर आदि ले सकते हैं, लेकिन कृष्ण बैरी ने लॉटरी में मिली 1 अरब की रकम को भारत के गरीब और ज़रूरतमंद बच्चों पर खर्च करने का फैसला लिया है।

जानकारी के मुताबिक, फ्लोरिडा के तंपा में रहने वालेभारतीय मूल के कृष्ण बैरी ने 14.5 मिलियन डॉलर की लॉटरी जीती है। भारतीय मुद्रा में यह राशि लगभग 104.4 करोड़ रुपए होता है। कृष्ण बैरी यूं तो लॉटरी खेलने के आदी नहीं हैं, लेकिन एक दिसंबर को उन्होंने 10 लॉटरी टिकट खरीद लिए। कृष्ण ने सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें 14.5 मिलियन डॉलर का जैकपॉट लग सकता है। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए कृष्ण ने बताया कि वह 21-30-39-44-45-46 नंबर को कभी नहीं भूल सकते। दरअसल ये उनकी लकी टिकट का नंबर है।

उन्होंने बताया कि उन्होंने सबसे पहले फर्स्ट टिकट देखा, फिर दूसरा और फिर तीसरा। वह बहुत ही अविश्वसनीय पल था। मैंने अपनी पत्नी को फोन किया। मैंने उससे कहा-मैंने लॉटरी जीत ली है, उसे भी पहले यकीन नहीं हुआ, उसने कहा कि क्या तुम मजाक कर रहे हो। मैंने कहा कि नहीं मैं सच कह रहा हूं। बैरी 20 साल पहले अमेरिका के फ्लोरिडा के शहर में बस गए थे। बैरी ने बताया कि उनकी इच्छा है कि वह भारत में एक ट्रस्ट की स्थापना करें जहां 100 जरुरतमंद बच्चों को शिक्षा दी जा सके। वह अपनी मास्टर्स की पढ़ाई करने के लिए फ्लोरिडा आये थे।

उन्होंने बताया कि मैंने काफी संघर्ष किए, मैंने पार्ट टाइम जॉब भी की, बुकस्टोर में नौकरी की, पार्किंग लॉट में 6 डॉलर पर 12-12 घंटे काम किया। बैरी ने इसी साल के अंत तक भारत आने की योजना बनाई है।