इस बार कलर्स पर रामायण, लोगों ने कहा-मिलती है असीम शांति  

ऑनलाइन टीम. मुंबई : कहते हैं कि रामायण में दुनिया के किसी भी प्रश्न का उत्तर है। कोई विषय नहीं, जो इससे अछूता हो। इसे सार्वकालिक और सार्वदेशिक भी माना जाता है। यही कारण है कि वर्चुअल दुनिया के तामझाम में फंसे लोगों ने कोरोनाकाल में रामायण के दोबारा प्रसारण को काफी सराहा। और अब दूसरी लहर में भी इसके प्रसारण की मांग तेज हो रही है, क्योंकि लॉकडाउन के कारण लोग घरों में रहने के लिए विवश हैं।

दिवंगत डॉयरेक्टर रामानंद सागर  का ब्लॉकबस्टर टीवी शो ‘रामायण’  1987 में दूरदर्शन पर रिलीज किया गया था और काफी फेमस भी हुआ था।  साल 2020 में जब इसे टीवी पर प्रसारित किया गया तो दर्शकों का काफी प्यार मिला साथ ही इस शो ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया। लोगों का विश्वास है कि इसे देखने से असीम शांति की अनुभूति मिलती है। भारी मांग पर इसे फिर से प्रसारित करने का फैसला लिया गया है। रामायण अब इस गुरुवार से कलर्स चैनल पर आएगी।

बता दें कि रामायण एक बहुत ही सफल भारतीय टीवी श्रृंखला है, जिसका निर्माण, लेखन और निर्देशन रामानन्द सागर के द्वारा किया गया था। 78 कड़ियों के इस धारावाहिक का मूल प्रसारण दूरदर्शन पर 24 जनवरी 1987 से 31 जुलाई 1988 तक रविवार के दिन सुबह 9:30 बजे किया गया। यह एक प्राचीन भारतीय धर्मग्रन्थ रामायण का टीवी रूपान्तरण है और मुख्यतः वाल्मीकि रामायण और तुलसीदासजी के रामचरितमानस पर आधारित है। इसका कुछ भाग कम्बन की कम्बरामायण और अन्य कार्यों से लिया गया है। 28 मार्च 2020 से दूरदर्शन चैनल पर रामायण कार्यक्रम का पुनः प्रसारण हुआ, जब देश में कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन घोषित हुआ।

रामायण के सभी कास्ट सभी सेलेब्स बन गए हैं। जैसे राम के रूप में अरुण गोविल, सीता के रूप में दीपिका चिखलिया, लक्ष्मण के रूप में सुनील लहरी, रावण के रूप में अरविंद त्रिवेदी और हनुमान के रूप में दारा सिंह को आज भी उनके शानदार एक्टिंग के लिए जाना जाता है। रामायण में हर एक पात्र को सजीव करने का प्रयास किया गया है। इसके चलते यह सभी को बहुत पसंद आती है।