ठंड से बचने के लिए ओवन में बैठा बच्चा, जिंदा जला

लखनऊ : समाचार ऑनलाइन –गोंडा के मनकापुर कोतवाली के बैरीगांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है। यहां ठंड से बचने के प्रयास में बिस्किट फैक्ट्री के मालिक का बेटा ओवन में बुरी तरह जल गया और उसकी मौत हो गयी। मृतक का नाम दीपक (15) है।  दरअसल बच्चा ठंड से बचने के लिए ओवन में बैठकर हाथ सेंक रहा था। इस बीच ओवन का दरवाजा अंदर से लॉक हो गया और वह जिंदा जल गया।

जानकारी के अनुसार, बैरीपुर गांव के गोपी जायसवाल ने गांव के पास ही अपने मकान के बेसमेंट में बिस्किट की फैक्ट्री लगा रखी है। परिवार ग्राउंड फ्लोर पर रहता है। पिता गोपी ने बताया कि दीपक कक्षा नौ में पढ़ाई करता था। गुरुवार रात ठंड से बचने के लिए बिस्किट फैक्ट्री के ओवन में बैठकर हाथ सेंक रहा था। इसी दौरान अचानक ओवन का दरवाजा अंदर से बंद हो गया।

जब जलने की दुर्गंध फैली तो परिवार वाले भागकर ओवन के पास पहुंचे। परिवार वालों ने जब दरवाजा खोलकर देखा तब तक दीपक बुरी तरह झुलस चुका था। दीपक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी मनकापुर अस्पताल ले जाया गया। जहां  डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।