एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसे में दो की मौत अन्य तीन गंभीर रूप से घायल; तेज रफ्तार बनी हादसे का सबब

पिंपरी। संवाददाता: तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर में जा घुसने से हुए हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई। जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बोरघाट में रविवार की रात में यह हादसा हुआ है। कार में सवार सभी पांच लोग मुंबई के अंधेरी निवासी है और कोंढणपूर में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस मुंबई लौट रहे थे।
इस हादसे में क्रैश बैरियर शरीर में घुस जाने से कार में सवार मोतिराम मोतीवाले (70) और उषा मोतीवाले (65, दोनों निवासी चकाला, अंधेरी, मुंबई) की मौके पर ही मौत हो गई। मोतीराम की गोद में बैठे उनका 2 साल का पोता शान और पीछे सीट पर उनकी पत्नी उषा के साथ बैठी उनकी बहू मोहिनी (30) औऱ दूसरी पोती खुशी तीनों घायल हो गए हैं। सभी घायलों को पनवेल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अंधेरी निवासी मोतिवाले परिवार धार्मिक कार्यक्रम के लिए कोंढणपूर गया था। वापसी में उन्होंने पुणे से ओला कार (MH 11 CH 159) बुक की और अंधेरी लौट रहे थे। तब पुणे-मुंबई एक्सप्रेस वे पर बोरघाट में इस हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद देवदूत की टीम ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। रोडवेज पेट्रोलिंग, बोरघाट पुलिस टीम, डेल्टा फोर्स, लोकमान्य स्वास्थ्य यंत्रणा ने सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।