महिला की कार चलाने की जिद ने खत्म की दो जिंदगियां

पुणे | समाचार ऑनलाइन

– पुणे के उरली कांचन में कार गिरी कुएं में, दो की मौत

कार चलाने की जिद की कीमत एक महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी, इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई है। यह दुर्घटना कल शाम उरली कांचन में उस वक़्त हुई जब महिला कार स्टार्ट करने के साथ ही उस पर अपना नियंत्रण खो बैठी और कार सीधे गहरे कुएं में जा गिरी। मृतकों के नाम सोनाली गणेश लिंभोणे (22, कालेशिवारवस्ती, शिंदवणे) और मारुति उर्फ दादा बबन खेडकर (60, उरली कांचन) हैं।

सोनाली की डेढ़ महीने पहले ही शादी हुई थी, वे अपने ससुर छगन लिंभोणे के साथ एक शादी समारोह के लिए शिंदवणे गांव आयी थी। लोणी कालभोर पुलिस के अनुसार, सोनाली और छगन मारुति खेडकर की कार में गांव वापस लौट रहे थे। तभी सोनाली ने गाड़ी चलाने की इच्छा व्यक्त की, लेकिन उसके ससुर ने इंकार कर दिया। हालांकि, जब सोनाली ने ज्यादा जिद की तो मारुति खेडकर ने उसे स्टीयरिंग थमा दी। सोनाली ने जैसे ही कार स्टार्ट की, स्टीयरिंग से उनका नियंत्रण छूट गया और कार सीधे पास के कुएं में जा गिरी। 20 से 30 फुट गहरे कुएं में पानी ज्यादा होने के चलते सोनाली और मारुति की मौके पर ही डूबने से मौत हो गई।

ससुर की बच गई जान

इस हादसे में ससुर छगन लिंभोणे की भी जान जा सकती थी, अगर वो सही समय पर नीचे नहीं उतरते। जैसे ही मारुति ने सोनाली को गाड़ी चलाने के लिए दी छगन तुरंत नीचे उतर गए और इस वजह से उनकी जान बच गई। जानकारी मिलते ही लोणी कालभोर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गांववालों एवं जेसीबी की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला।