दुर्भाग्य! महाशिवरात्रि के अवसर पर परिवार संग दर्शन के लिए गए लड़के की नदी में डूबने से मौत

चंद्रपुर : ऑनलाइन टीम – महाशिवरात्रि के अवसर पर परिवार संग दर्शन के लिए गए एक बच्चे की नदी में डूबकर मौत हो गयी। मृतक बच्चा 10वीं में पढ़ाई कर रहा था।  यह घटना गुरुवार को गोंडपिपरी (जि. चंद्रपूर) में घटी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतक का नाम रोहित जनार्धन देठे (16) है। मिली जानकारी के मुताबिक, प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाशिवरात्रि के अवसर पर गोंडपिपरी के दस महिलाएं और दो बच्चे ऑटो से येनबोथला के वैनगंगा नदी के पास स्थित मंदिर में गए थे। दर्शन करने के बाद वे लोग नहाने चले गए। जिसके बाद सभी महिलाएं मंदिर परिसर में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान रोहित व शिवम माकोडे (11) नदी के पास टहल रहे थे। इस बीच रोहित का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी में डूबने लगा।

रोहित के बाहर न आने पर उसे बचाने के लिए शिवम ने भी नदी में छलांग लगा दी। लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण वह भी डूबने लगा। इसे देखते ही वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने नदी में कूदकर शिवम व रोहित को बाहर निकाला। रोहित बेहोश हो गया था। महिलाओं को इसकी जानकारी मिलते ही वह लोग सीधे रोहीत को गोंडपिपरी के ग्रामीण अस्पताल में ले गए। लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

रोहित सान्जो कॉन्व्हेंट में 10वीं में पढ़ाई कर रहा था। वह यहां बिजली के दुकानदार जनार्दन देठे का इकलौता बेटा था। बेहद शांत छात्र की दुर्भाग्यपूर्ण मौत से इलाके में शोक मनाया जा रहा है।