सूरज बरसा रहा आग, अकोला में पारा 40 पार

पुणे: सूरज के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। आलम यह है कि धूप निकलते ही गर्मी का अहसास होने लगता है। गुरुवार को जहाँ पुणे का तापमान 36 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं महाबलेश्वर का तापमान भी छलांग लगाकर 39 डिग्री सेल्सियस पहुँच गया। आमतौर पर अप्रैल में महाबलेश्वर इतना गर्म नहीं रहता। वैसे बात केवल पुणे या महाबलेश्वर की ही नहीं है राज्य के बाकी हिस्सों में भी मौसम का बदला मिजाज़ लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। अकोला में पारे ने अभी से ही 41 का आंकड़ा छू लिया है। मौसम विभाग की तरफ से भी राहत का कोई संकेत नहीं दिया गया है, लिहाजा आने वाले दिनों में गर्मी और भी बढ़ सकती है।

पेड़ों का सहारा
सूरज की तपिश से बचने के लिए लोग पेड़ों का सहारा ले रहे हैं। पिंपरी के मिलिट्री फ़ार्म वाला रेलवे फाटक अक्सर बंद रहता है, ऐसे में वाहन चालक धूप में फाटक खुलने का इंतजार करने के बजाए दूर पेड़ के नीचे ही रुक जाते हैं। इसी तरह चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल होने पर लोग पेड़ की छांव में खड़े होकर उसके ग्रीन होने का इंतजार करते हैं।

बढ़ गई बिक्री
गर्मी बढ़ने से सड़क किनारे ठंडा बेचने वालों की बिक्री इजाफा हुआ है. लोग गर्मी को मात देने के लिए गन्ने का रस या नींबू का सेवन ज्यादा करने लगे हैं। इसके अलावा कूलर आदि की बिक्री में भी तेज़ी से बढ़ोतरी हुई है। मौसम के मिजाज को देखते हुए विक्रेताओं ने पहले से ही काफी स्टॉक जमा कर लिया था। इतना ही नहीं मांग बढ़ने से इनके दामों में इजाफा हुआ है।

बरतें सावधानियां  
चढ़ते पारे को देखते आपको कुछ सावधानियां बरतने की ज़रूरत है, मसलन घर से बाहर निकलते समय भरपूर पानी पीएं। इसके अलावा पानी की बोतल साथ रखें और थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। अपना सिर ढंककर बाहर जाएं, ताकि आप सीढ़ी धूप से बच सकें। अगर आप टू-व्हीलर चला रहे हैं, तो हेलमेट पहनना बेहतर रहेगा। धूप से आने के बाद सीधे कूलर या एसी वाले रूम में न जाएँ, इससे ठंडा-गर्म हो सकता है और आप बीमार पड़ सकते हैं।

आइए एक नजर डालते है महाराष्ट्र के शहरों के तापमान की स्थिति पर ।

पुणे :-36°c

अहमदनगर :-37°C

अकोला :-41°C

अकोट:-40°C

अलीबाग:-32°C

अंबरनाथ:-32°C

अमरावती:-39°C

औरंगाबाद:-38°C

बारामती:-39°C

बिड:-38°C

भंडारा:-39°C

भिवंडी:-32°C

भुसावल:-42°C

चंद्रपुर:-39°C

कोल्हापुर:-36°C

महाबलेश्वर:-39°C

नागपुर:-39°C