बेटी की उम्र की लड़की से शादी रचाने वाला पुलिस की गिरफ्त में

पुणे समाचार
अपनी बेटी की उम्र की लड़की से शादी रचाने वाले को सांगवी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। इस संबंध में लड़की ने पति उत्तम विठ्ठल काले (46)और अपने माता-पिता सहित कुल 15 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। लड़की का आरोप है कि उसकी शादी जबरदस्ती उत्तम से कराई गई। शादी के बाद पीड़िता पहले किसी तरह ससुराल से भागकर मायके आई फिर यहाँ से अपनी सहेली के घर रहने चली गयी। इसके बाद उसने वीडियो के जरिए पुलिस से संपर्क किया और माता-पिता सहित 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज़ करवाया है।

गौरतलब है कि पैसों के लालच में दीप्ति दयानंद गायकवाड की शादी 22 मार्च को जबरदस्ती आलंदी निवासी शिक्षक उत्तम विट्ठल काले से करवाई गई थी। दीप्ति ने शादी का विरोध किया था, लेकिन उसके माता-पिता ने उसकी एक नहीं सुनी। दीप्ति के रिश्तेदार भी इस शादी के पक्ष में थे, उन्होंने शादी नहीं करने पर दीप्ति को देख लेने की धमकी भी दी थी। एक रिश्तेदार ने यहां तक कहा था कि लड़का अच्छा कमाता है, तुम्हारे माता पिता को पैसे देकर 5 लाख रुपयों का कर्ज चुकाएगा।

बेटे की चाहत
उस वक़्त तो घरवालों के दबाव में दीप्ति ने शादी कर ली, लेकिन अब हिम्मतजुटाते हुए उसने 20 अप्रैल को सांगवी पुलिस स्टेशन में माता-पिता सहित अन्य 15 रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दीप्ति ने पुलिस को बताया कि उत्तम काले की 15 साल पहले भी शादी हो चुकी है और उसकी एक 14साल की लड़की है, लेकिन वह लड़का चाहता है इसलिए उसने दूसरी शादी की।