योगी राज में किसान का आलू सस्ता, माफिया की बालू महंगी : नरेश उत्तम

 फरुर्खाबाद, 31 दिसम्बर (आईएएनएस/आईपीएन)। योगी राज में किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्हें उनकी फसल का बाजिब दाम नहीं मिल रहा, जिसके चलते किसान की फसल की लागत भी नहीं निकल पा रही है।

  प्रदेश में किसान की दुर्दशा का इससे बड़ा आलम क्या होगा कि किसान का आलू सस्ता और माफिया की बालू महंगी है। यह कहना है समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी नरेश उत्तम का।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को कायमगंज के ग्राम पतौजा में हनुमान गंगवार की मूर्ति के अनावरण में आए थे। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा अब जाने वाली है। बीते दिनों हुए चुनावों में जनता ने अपना मन भी बता दिया है।

उन्होंने कहा कि कि भाजपा ने जनता को गुमराह कर देश व प्रदेश में सत्ता हासिल कर ली लेकिन उसकी अब पोल खुल गई है। प्रदेश में योगी सरकार को दो वर्ष व केंद्र की मोदी सरकार को पांच वर्ष हो गए, लेकिन ना ही प्रदेश में और ना ही देश में बीजेपी ने जो कहा वो किया। उन्होंने कहा कि जनता अब इस सरकार को उखाड़ फेंकना चाहती है। पिछले दिनों हुए राज्यों के चुनाव में जनता ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से भी भाजपा की सरकार जाने वाली है। भले ही वह मुख्यमंत्री का चेहरा क्यों न बदल दे।

उन्होंने कहा कि किसान को उसकी फसल का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा। उसकी फसल की लागत नहीं निकल रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान की दुर्दशा का इससे बड़ा आलम क्या होगा कि किसान का आलू सस्ता और माफिया की बालू महंगी है। कानून व्यवस्था पूरी तरह खराब है, बीजेपी दो मुंही बात करती है।