हिमाचल में ठंड के बीच गणतंत्र दिवस का जश्न

शिमला (आईएएनएस) : समाचार ऑनलाईन – हिमाचल प्रदेश में शनिवार को कड़ाके की ठंड के बीच 70वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने यहां ऐतिहासिक रिज पर आयोजित एक समारोह में राष्ट्रध्वज फहराया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके मंत्रिमंडल के मंत्री और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। समारोह का मुख्य आकर्षण महात्मा गांधी से संबंधित झांकी रही, जिसमें उनकी शिमला की यात्राओं को दर्शाया गया था।

कला का प्रदर्शन करने वाली मंडली में आदिवासी कलाकार शामिल थे। वहीं स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राज्यपाल ने पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्डस, सेना, राष्ट्रीय कैडेट कोर और पूर्व सैनिकों की टुकड़ियों से सलामी ली। विधानसभा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने हमीरपुर शहर में जिलास्तरीय समारोह की अध्यक्षता की। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने यहां हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में तिरंगा फहराया।

केंद्रीय तिब्बती प्रशासन (सीटीए) ने काशग (तिब्बती कैबिनेट) सचिवालय में एक समारोह का आयोजन किया। तिब्बती प्रशासन का मुख्यालय धर्मशाला शहर में है। सीटीए अध्यक्ष लोबसांग सांगय जापान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस वजह से ध्वजारोहण कार्यवाहक अध्यक्ष सोनम टोपग्याल खोरलात्संग ने किया।