भाजपा-राष्ट्रवादी के नगरसेवकों के बीच छिड़ा श्रेयवाद

पिंपरी। सँवाददाता : यूं तो भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस के बीच सत्तासंघर्ष नई बात नहीं है मगर राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह संघर्ष तेज हो गया है। दो साल बाद पिंपरी चिंचवड मनपा चुनाव की पृष्ठभूमि पर इस सत्तासंघर्ष की तीव्रता और बढ़ जाने के आसार है। इसकी एक झलक पिंपरी प्रभाग नँबर 21 में देखने मिली, जहाँ मनपा द्वारा बनाई गई पानी की एक टँकी का दो- दो बार उदघाटन किया गया। यहां सत्तादल भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवकों के बीच छिड़ा श्रेयवाद शहरवासियों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिंपरी प्रभाग नँबर 21 में जलापूर्ति सुचारू बनाने के लिहाज से श्रीमती अनुसया वाघेरे स्कूल प्रांगण में नई पानी की टँकी बनाई गई है। इसे मनपा के रिटायर्ड कार्यकारी अभियंता स्व दिलीप कुदले का नाम दिया गया है। इस प्रभाग में राष्ट्रवादी कांग्रेस के तीन और भाजपा का एक नगरसेवक है। दोनों पार्टियों द्वारा विरोधी भूमिका अपनाए जाने से संयुक्त रूप से टँकी का उदघाटन नहीं किया जा सका। बीती सुबह 10 बजे राष्ट्रवादी कांग्रेस ने इस टँकी का उदघाटन किया। पार्टी के शहराध्यक्ष सँजोग वाघेरे, मनपा में विपक्षी दल के नेता नाना काटे, संध्या दिलीप कुदले के हाथों उदघाटन किया गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस के उदघाटन समारोह में नगरसेविका उषा वाघेरे, निकिता कदम, नगरसेवक डब्बू आसवाणी, पूर्व उपमहापौर प्रभाकर वाघेरे, रंगनाथ कुदले, आनंदा जाचक, अण्णा कापसे, मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता रामदास तांबे, वाय. एम. गिरी, एस. यू. सरवदे, सुनील अहिरे, रघुनाथ शेमले आदि मौजूद थे। इस दौरान पिंपरी की पानी की किल्लत को दूर करने का काम राष्ट्रवादी कांग्रेस द्वारा ही किये जाने का दावा किया गया। इस उदघाटन के बाद सुबह साढ़े 11 बजे महापौर माई ढोरे के हाथों इस टँकी का दोबारा उदघाटन किया गया। इस मौके पर सत्तादल के नगरसेवक संदीप वाघेरे, सह शहर अभियंता मकरंद निकम, उपअभियंता सुनील आहेर, पूर्व नगरसेवक संतोष कुदले, रंगनाथ कुदले, मजदूर नेता नरहरी कापसे, सामाजिक कार्यकर्ता किसन कापसे, चंद्रकांत गव्हाणे, रामभाऊ कुदले, संध्या दिलीप कुदले, रंजना जाधव आदि उपस्थित थे। यहां टँकी को स्व दिलीप कुदले का नाम दिए जाने को लेकर कुदले परिवार ने संदीप वाघेरे का आभार माना। यहां भी भाजपा के माध्यम से संदीप वाघेरे ने पानी की किल्लत को दूर करने का दावा किया गया। इससे पहले इसी प्रभाग में जिजामाता हॉस्पिटल के नवीनीकृत ओपीडी और नवीनीकृत हेमू कलानी गार्डन का उदघाटन भी दो- दो बार किया जा चुका है।