चुनावी नतीजे से साकार हो रहा है महात्मा गांधी का सपना

कर्नाटक की कामयाबी पर सांसद अमर साबले ने कांग्रेस पर ली चुटकी

पिंपरी। पुणे समाचार ऑनलाइन

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली भारी कामयाबी पर अपनी राय देते हुए राज्यसभा में भाजपा के सांसद अमर साबले ने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि, देश को आजादी मिलने के बाद कांग्रेस को बर्खास्त करने की जरूरत महात्मा गांधी ने जताई थी। आज के नतीजे से उनका सपना साकार होता नजर आ रहा है। समूचे देश से कांग्रेस का उच्चाटन हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस को एक डूबती नाव भी करार दिया।

कर्नाटक की कामयाबी पर पुणे- मुंबई हाइवे पर  पिंपरी चौक स्थित डॉ बाबासाहेब आम्बेडकर स्मारक के पास भाजपा की पिंपरी चिंचवड़ शहर इकाई द्वारा मिठाई बांटी और ढोल बजाकर जीत का जश्न मनाया। इस मौके पर पार्टी के शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप, शहर प्रवक्ता अमोल थोरात, नगरसेवक मोरेश्वर शेडगे, सुरेश भोइर, अनुराधा गोरखे, राजेश पिल्ले, राजेंद्र गावडे, सीमा चौगले, वैशाली खाड्ये, संजीवनी पांडे, बिभिषण चौधरी, प्रदीप बेंन्द्रे, पूजा वायचळ, विजय शिनकर, आशा काले, गणेश लंगोटे, पद्मनाभ शेट्टी, विठ्ठ्ल भोइर आदि शामिल हुए।विधायक जगताप ने कर्नाटक की जीत का सेहरा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पहनाते हुए आमजनों के विश्वास के बूते यह कामयाबी मिलने की राय दी।

वहीं आज सुबह पिंपरी चिंचवड़ मनपा मुख्यालय पहुंचे सांसद अमर साबले ने कांग्रेस पर फब्तियां कसते हुए जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह एवं कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत को दिया। उन्होंने याद दिलाया कि महात्मा गांधी ने आजादी के बाद कांग्रेस बर्खास्त करने की इच्छा जताई थी, जो अब पूरी हो रही है। कांग्रेस के नेताओं ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए इतने सालों तक पार्टी को जीवित रखा। ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी के आरोपों को सिरे से नकारते हुए उन्होंने कहा कि, भाजपा की जीत निश्चित दिखाई देते ही इस तरह के आरोप लगाने शुरू किए गए। जबकि कर्नाटक में सत्ता और प्रशासन दोनों भी कांग्रेस के हाथों में था। फिर गड़बड़ी की आशंका ही कैसे जताई जा सकती है? यह सवाल भी उन्होंने उठाया।