गहलोत ने राजस्थान मुख्यमंत्री का पदभार संभाला

जयपुर, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)| राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को यहां सचिवालय में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने सबसे पहले सचिवालय परिसर के भीतर बने मंदिर में प्रार्थना की और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय में प्रवेश किया और राज्य के मुख्यमंत्री पद का पदभार संभाला।

मुख्य सचिव डी.बी. गुप्ता और अन्य अधिकारी भी इस मौके पर मौजूद थे।

अधिकारियों के साथ उनकी बैठक में किसानों की कर्जमाफी पर चर्चा का मुद्दा शामिल था।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ सरकार किसानों का कर्जमाफ कर चुकी हैं जबकि राजस्थान को अभी किसानों का कर्जा माफ करने पर फैसला करना बाकी है। कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में कर्जमाफी का वादा किया था, जो कि कुल एक लाख करोड़ रुपये का है।

सचिवालय से निकलकर गहलोत राज्यपाल भवन भी पहुंचे, जहां उन्होंने राज्यपाल कल्याण सिंह से मुलाकात की।