गूगल पर लगा 34 हजार करोड़ का जुर्माना

ब्रुसेल्स | समाचार ऑनलाइन
यूरोपीय यूनियन ने गूगल पर 4.34 बिलियन यूरो यानी लगभग 34,308 करोड़ रुपये का ऐंटीट्रस्ट फाइन लगाया है। यह जुर्माना अवैध रूप से ऐंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम का इस्तेमाल अपने सर्च इंजन के फायदे के लिए करने के आरोप में लगाया है। सूत्र के अनुसार, यूरोपीय यूनियन के कमिश्नर मारग्रेथ वेस्टेजर ने कहा कि,  गूगल ने ऐंड्रॉयड का इस्तेमाल अपने सर्च इंजन को मजबूत करने के लिए किया है। यह यूरोपीय यूनियन के ऐंटीट्रस्ट नियमों के हिसाब से गैरकानूनी है। गूगल को 90 दिनों के भीतर इसे बंद कर देना चाहिए वरना उसे अल्फाबेट से होने वाली आमदनी का 5 प्रतिशत हर दिन जुर्माने के तौर पर भरना पड़ेगा।
गूगल इस जुर्माने के खिलाफ अपील करेगा। गूगल की ओर से अल वर्नी ने कहा, ‘ऐंड्रॉयड लोगों को ज्यादा विकल्प देने के लिए बनाया गया है। यह रैपिड इनोवेशन और अच्छी सुविधाओं की कीमत कम करने में मदद करता है। इससे पहले यूरोपीय यूनियन ने गूगल पर 2.4 अरब यूरो का जूर्माना लगाया था। लेकिन इस बार लगा जुर्माना पिछले से दोगुना है। इस फैसले के बाद ट्रेड वॉर का खतरा और बढ़ गया है।
EU के कमिश्नर वेस्टेजर ने यह कदम उठाने से पहले गूगल के चीफ सुंदर पिचाई से फोन पर बात की और अपने फैसले के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि,  गूगल कई फोन बनाने वाली कंपनियों को पहले से गूगल क्रोम ब्राउजर इंस्टॉल करने के लिए विवश करता है। कुछ ऐप्स को लाइसेंस देने के लिए गूगल सर्च करना पड़ता है और यूरोपीय यूनियन में बेचे जाने वाले फोन में भी गूगल सर्च और क्रोम पहले से इंस्टॉल रहता है। आगे कमिशन ने कहा कि, गूगल फोन कंपनियों को पहले से गूगल सर्च इंस्टॉल करने के लिए धनराशि भी देता है। वेस्टेजर के इन फैसलों से उन्हें यूरोपीय यूनियन के देशों में काफी प्रशंसा मिली है लेकिन वॉशिंगटन में इसके खिलाफ गुस्सा है।